जम्मू। भ्रष्टाचार के मामले में किश्तवाड़ के मड़वाह शिक्षा जोन के पूर्व जेडईओ के खिलाफ एंटी क्रप्शन ब्यूरो ने केस दर्ज किया है। आरोप है कि मिड-डे मील के नाम पर उन्होंने लाखों का घोटाला किया है। मिड-डे मील के नाम पर लाखों रुपये निकाले तो गए, लेकिन आगे बांटे नहीं गए। केस में एक पूर्व सहायक अकाउंटेंट का नाम भी शामिल है, जिनका अब देहांत हो चुका है।
एंटी क्रप्शन ब्यूरो के अनुसार वर्ष 2011-12 के दौरान रहे जेडईओ नजीर शाह और सहायक अकाउंटेंट फैज अहमद ने 4.21 लाख रुपये निकाले। यह पैसा मिड-डे मील के नाम पर निकाला गया, लेकिन यह पैसा आगे नहीं पहुंचाया गया। आरोप है कि दोनों ने इसकी बंदरबांट कर ली। शिकायत मिलने के बाद जब इसकी जांच की गई तो पता चला कि जिस नाम पर यह पैसा निकला, वो बंटा ही नहीं। मंगलवार को एंटी क्रप्शन ब्यूरो ने इसे लेकर केस दर्ज कर लिया। अब मामले में जांच की जा रही है। पूर्व जेडईओ नजीर शाह बारामुला के रहने वाले हैं। जबकि सहायक अकाउंटेंट की अब मौत हो चुकी है।
---
चालान पेश किया
विजिलेंस ने एक अन्य मामले में पूर्व आरईटी शिक्षक के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश किया। माजिद आफताब लोन पर आरोप है कि उसने मध्यप्रदेश से 12 वीं कक्षा की एक फर्जी डिग्री ली। इसके आधार पर स्कूल में शिक्षक लग गया। इसमें उसकी उस समय के सीईओ अजीत कुमार ने भी मदद की। विजिलेंस ने इसे लेकर केस दर्ज किया था। मामले की जांच करने के बाद आरोपी पर आरोप तय किए और किश्तवाड़ के चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के पास चालान पेश किया। 2019 में मामले पर अगली सुनवाई होगी।