जम्मू। जिला पुलिस ने यातायात नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा कसने के लिए रविवार को कार्रवाई की। यातायात और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से नाके लगाकर 200 से अधिक वाहन चालकों के चालान काटकर जुर्माना वसूला और कई वाहनों को जब्त किया।
आरएस पुरा, बिश्नाह, अखनूर, दोमाना सहित जम्मू के कई इलाकों में नाके लगाकर जिला पुलिस ने नियम तोड़ते वाहन चालकों के चालान काटे। इसके अलावा शहर में यातायात पुलिस ने भी बुलेट मोटरसाइकिल के साइलेंसर मॉडिफाई करवाने और दस्तावेज न रखने वाले चालकों पर कार्रवाई की। एसएसपी ट्रैफिक जम्मू ने बताया कि रविवार को विशेष रूप से अभियान चलाया गया। सोमवार को भी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी है।