जम्मू। शहर के प्लौड़ा क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े पुलिस के सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर के घर चोरों ने सेंध लगाकर लाखों रुपये के गहने और नकदी चोरी कर ली। सेवानिवृत्त अधिकारी के बेटे अतुल शर्मा ने बताया कि वह परिवार के साथ किसी कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए गए थे। जब शाम को घर लौटे तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था, अलमारी टूटी हुई थी। इसके भीतर पड़े नौ लाख के गहने और एक लाख 80 हजारी की नकदी चोरी हो गई थी। कुछ दिन के बाद ही अतुल की सगाई थी। सगाई के लिए मां ने बहू के लिए गहने बनवाए थे। पीड़ित परिवार ने जानीपुर पुलिस स्टेशन में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद घटनास्थल का दौरा किया और जांच कर जरूरी सबूत जुटाए हैं। क्षेत्र में कई जगह सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक की जा रही है। अभी तक पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस अधिकारी का कहना है जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।