बाड़ी ब्राह्मणा। स्थानीय थानांतर्गत शादी समारोह में आए चार युवकों पर समुदाय विशेष के लोगों द्वारा हमला कर दो लोगों को लहूलुहान कर दिया। इनमें इलाज के दौरान एक ने दम तोड़ दिया था। वहीं एक लापता बताया जा रहा है। चौथा युवक फरार हो गया था। मामले के 10 दिन बाद भी बाड़ी ब्राह्मणा पुलिस खाली हाथ ही बैठी हुई है। उनके हाथ अभी तक कोई भी आरोपी नहीं लगा है। हालांकि मामले में 26 लोगों के खिलाफ पर्चा दायर किया गया है।
बाड़ी ब्राह्मणा पुलिस समुदाय विशेष के घरों में दबिश दे रही है। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। बच्चों और महिलाओं से भी सुराग लेने की कोशिश की जा रही है, लेकिन इन सभी मुद्दों पर पुलिस को विफलता ही हाथ लग रही है। दो माह में सरेआम दो गैंगवार स्टाइल में हादसे होने के बावजूद पुलिस कुछ खास नहीं कर पाई है। इसके चलते आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। वहीं दूसरी ओर आरोपी कहां छुप कर बैठे हैं, वह इसी क्षेत्र में हैं या राज्य के बाहर चले गए हैं। इसके बारे में भी पुलिस के हाथ अभी तक कुछ नहीं लग पाया है। दूसरी ओर आरोपियों के सगे संबंधी मवेशियों संघ ढेरों को लेकर बाहरी क्षेत्रों का रुख कर रहे हैं। ताकि पुलिस का सामना न करना पड़े।
हालांकि पुलिस द्वारा बड़े जोरशोर से उनको यहीं रहने के लिए कहा जा रहा है, लेकिन देर सबेर वे यहां से निकल रहे हैं। लगभग 10 से 15 डेरे अभी तक बाड़ी ब्राह्मणा से बाहर जा चुके हैं। इस पूरे मामले पर जिला सांबा के पुलिस के अधिकारी नजर बनाए हुए हैं। बाड़ी ब्राह्मणा पुलिस 24 घंटे आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापे मार रही है। सोमवार को पुलिस ने सतवारी और इर्द-गिर्द के इलाकों में आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी। इसके अलावा भी कई अन्य जगहों पर दबिश दी रही है, लेकिन पुलिस को अभी तक निराशा ही हाथ लग रही है। बहरहाल पुलिस के लिए आरोपियों को पकड़ने के लिए कुछ और विशेष सोचने की जरूरत है। ताकि पुलिस की कार्यशैली पर सवाल न उठे और जनता का विश्वास पुलिस पर बना रहे।