बाड़ी ब्राह्मणा। अपहरण और हत्या के प्रयास के मामले में वीरवार को पुलिस की ओर से दबिश जारी रही है। वहीं, मामले में इस्तेमाल किए गए वाहन को पुलिस ने बरामद कर लिया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए वीरवार को पुलिस ने चार टीमों का गठन किया गया है। इस दौरान समुदाय विशेष की महिलाओं को थाने बुला कर भी पूछताछ की गई। उधर, चार दिन बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
गौरतलब रहे कि सोमवार देर रात को समुदाय विशेष के दो गुटों में भिड़ंत हो गई थी। इसमें चार लोगों तेजधार हथियारों से हमला किया गया। इसमें एक युवक कालू भागने में कामयाब रहा, जबकि बाघ हुसैन अभी भी लापता है। अन्य घायल दो युवक जाकिर हुसैन और बशीर अहमद को जीएमसी पहुंचाया गया था, वहां से दोनों को अमृतसर इलाज के लिए भेज दिया गया। मंगलवार देर रात को जाकिर हुसैन की मौत हो गई थी। उसके बाद आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की दबिश जारी है। लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं।