बाड़ी ब्राह्मणा। डाबर फैक्ट्री के पास से पुलिस ने दो युवकों अधमरी हालत में कब्जे में लेकर जीएमसी पहुंचाया है। दोनों को लोहे के तेजधार हथियार से मारा गया है। उधर युवकों के परिजनों की तरफ से थाने में दी तहरीर में दो से तीन युवकों द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।
बाड़ी ब्राह्मणा पुलिस को सोमवार रात 11 बजे के करीब सूचना मिली कि डाबर फैक्ट्री के पास दो पक्षों में झगड़ा हो रहा है। जैसे ही पुलिस वहां पहुंची तो दो युवक खून से लथपथ जमीन पर गिरे मिले। पुलिस ने दोनों को कब्जे में लिया और जीएमसी जम्मू पहुंचाया। जहां दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। उनकी पहचान जाकिर पुत्र दाऊ निवासी लसवाड़ा बिश्नाह और बशीर अहमद पुत्र नूरा निवासी लंगोटिया मीरां साहिब के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दो सितंबर को डाबर फैक्ट्री के पास दो गुटों की आपसी लड़ाई हुई थी, जिसमें दो युवकों से मारपीट की गई थी। उन्हें भी बुरी तरह से जख्मी कर दिया गया था। उन्हेें भी जीएमसी जम्मू पहुंचाया गया था। पुलिस ने इस संदर्भ में पीड़ितों की शिकायत पर 22 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। यह सभी विजयपुर के रख बरोटियां के निवासी है, जिनमें से आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सोमवार रात को हुई वारदात को भी इसी मामले से जोड़ा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार शुरुआती जांच में बताया जा रहा है कि सोमवार रात को जख्मी हुए युवक विजयपुर के रख बरोटियां गुट के लोगों के बताए जा रहे हैं। दोनों युवक किसी काम से बाड़ी ब्राह्मणा इलाके में आए थे। जैसे ही दूसरे गुट को पता चला तो उन्होंने दोनों को घेर लिया और तेजधार हथियार से वार करने के बाद अधमरा करके फेंक दिया। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन कर रही है। फिलहाल अभी पुलिस के हाथ कुछ भी नहीं लगा है।