आरएस पुरा। सई मोला पंचायत के सरपंच चौ. देवराज के घर वीरवार की रात अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। शुक्रवार को सरपंच के समर्थन में आए सरपंचों ने एसडीपीओ कार्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शन में शामिल सरपंच ओमकार सिंह, दर्शन लाल, वियज चौधरी, सुरजीत चौधरी, नायब सरपंच रिंकू चिब सहित अन्य पंचों ने कहा कि अगर किसी गांव के सरपंच पर हमला किया जाएगा तो दूसरे ग्रामीणों का क्या होगा। ब्लॉक सुचेतगढ़ के सीमावर्ती पंचायत सई मोला के सरपंच चौ. देव राज के घर पर वीरवार देर रात कुछ अज्ञात लोगों के कथित तौर पर हमला करने का मामला प्रकाश में आया है। प्रभावित सरपंच देवराज ने इस संबंध में थाना अरनिया में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। सरपंच चौ. देवराज ने घर पर हुए इस हमले की जानकारी देते हुए बताया कि वीरवार दोपहर को उनकी पंचायत सेई मोला में एक सड़क पर तारकोल बिछाने का काम शुरू कराने को सुचेतगढ़ के डीडीसी के वर्करों से कहासुनी हुई थी। इसमें उनके साथ धक्क-मुक्की की गई। उसके बाद देर रात को उनके घर पर हमला कर दिया। सरपंच के अनुसार उक्त हमले में करीब पांच से आठ युवा बाइक पर आए थे और उन्होंने गाली गलौच की। उसके बाद घर के बाहर खड़ी उनकी बाइक को नुकसान पहुंचाया। घर पर पथराव भी किया।
सरपंच ने बताया कि वो उस समय घर पर अकेले थे, अगर वो भी बाहर निकलते तो बड़ा मामला हो सकता था, वह घर से बाहर नहीं निकले। इसके बाद उन्होंने पुलिस स्टेशन में सूचना दी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
घटना को लेकर शुक्रवार को क्षेत्र के सरपंच व पंचों सहित पूर्व मंत्री चौ. शाम लाल के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल एसडीपीओ शब्बीर खान से भी मिला। पूर्व मंत्री ने एसडीपीओ से मांग करते हुए कहा कि 24 घंटे के भीतर इस मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो वो सरपंच व पंचों के साथ सड़क पर धरना देने के लिए बैठ जाएंगे। पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि सरपंच पर हमला कराने में सई पुलिस चौकी प्रभारी सहित अन्य पुलिस कर्मी राजनीतिक गतिविधियों में शामिल हैं और इन्हीं के चलते ही सरपंच के घर पर हमला किया गया। एसडीपीओ ने पूर्व मंत्री सहित सरपंच व पंचों को विश्वास दिलाया कि मामले की पूरी जांच होगी और जो लोग भी इसमें आरोपी है उनका जल्द पता लगाकर कानून के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।
संदिग्ध परिस्थितियों फंदे से लटक ा मिला व्यक्ति का शव
बिश्नाह। गांव रतनाल कॉलोनी में किराए पर रह रहे पठानकोट निवासी राजिंदर शर्मा (50) का शव घर की खिड़की की चगाठ के साथ लटका पाया गया। शव को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक क्षेत्र में सोलर पैनल लगाने का काम करता था। शुक्रवार को परिवार से मिलने पठानकोट जाने वाला था। शव के कमरे की खिड़की के साथ लटका होने पर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाकर जांच शुरू कर दी है। संवाद
सड़क दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल
बाड़ी ब्राह्मणा। सड़क दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। जम्मू-कश्मीर बैंक की शाखा के सामने से एक युवक वीरवार सुबह सड़क पार कर रहा था। दूसरी ओर से आ रहे एक वाहन की चपेट में आ गया, और बुरी तरह से घायल हो गया। उसके सिर में चोट लगी है। पुलिस ने उसे जीएमसी जम्मू भेज दिया । वहां बेहोशी की हालत में उसका इलाज चल रहा है। युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद