बिश्नाह। बीते दो दिन में क्षेत्र में चोरों का आतंक व्याप्त हो चुका है। चोरों के मंसूबे इतने मजबूत हैं कि अब वह दिन दहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। सोमवार को चोरों ने गांव कन्हाल और बिश्नाह वार्ड नंबर तीन में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मंगलवार को चोरों ने दिन दहाड़े बिश्नाह-कुंजवानी मार्ग पर जिंदड़ खुर्द में स्वर्गीय हरबंस लाल के घर को निशाना बनाया है। घरवालों के अनुसार वह सुबह 11 बजे के करीब अपनी बुआ के दसवें पर उनके घर गए थे। वापस 3:00 बजे के करीब आकर देखा कि घर का मुख्य दरवाजा खुला है। घर के अंदर रखा सारा सामान बिखरा हुआ है। उनको घर में चोरी होने के बारे में पता चला। घर में रखे सामान की जांच करने के बाद पाया कि घर में रखी 50 हजार रुपये व सोने के गहनों पर चोरों ने हाथ साफ कर दिए। इसके बारे में परिवारजनों ने बिश्नाह थाने में शिकायत दर्ज कराई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। संवाद