बिश्नाह। पुलिस ने लोगों को लूटने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी एटीएम से पैसे निकालने आए लोगों को निशाना बनाता था। उसकी पहचान मनोज कुमार निवासी चक्क तारा के रूप में हुई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उससे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी अनुसार दो दिन पहले बिश्नाह के एचडीएफसी बैंक के एटीएम से पैसे निकालने आई प्रकाशो देवी निवासी प्रताप सिंह पूरा (लल्याना) से दस हजार रुपए छीन लिए गए थे। इसके बाद महिला ने बिश्नाह पुलिस थाना में युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। आरोपी युवक एक बार फिर किसी को लूटने के इरादे से आया था, जिसे एटीएम के नजदीक वाले दुकानदार ने पहचान लिया। दुकानदार ने युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
वहीं बिश्नाह थाना प्रभारी अनिल चौधरी ने युवक से सख्ती से पूछताछ की तो उसने महिला से पैसे छीनने का जुर्म कबूल कर लिया। बिश्नाह पुलिस ने युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।