विधायक चंद्र प्रकाश गंगा ने पंचायत में विकास कार्यों का किया शिलान्यास
- नहर पर फुटब्रिज की भी ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरमंडल। बाड़ी ब्राह्मणा ब्लॉक की पंचायत करथोली अप्पर में 25 लाख रुपये से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इस पैसे से गांव की गलियों और नालियों के साथ कुएं का निर्माण और नहर पर फुट ब्रिज बनाया जाएगा। रविवार को विधायक चंद्र प्रकाश गंगा ने पूर्व सरपंच तरसेम सिंह के साथ शिलान्यास किया।
विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और सरकार गांव-गांव में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से पंचायत करथोली अप्पर के लोगों को स्वच्छता, पेयजल और यातायात जैसी मूलभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय लाभ मिलेगा। पूर्व सरपंच तरसेम सिंह ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन विकास कार्यों की लंबे समय से गांववासियों द्वारा मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है। कार्यक्रम में पंचायत सदस्य, भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।