ज्यौड़ियां। खौड़ पुलिस थाने के अधीन गांव मट्टू के शमशान घाट के नजदीक शुक्रवार शाम पांच बजे के करीब काईमाई मिनी स्टेडियम में खेल रहे बच्चों ने खेतों में गाय के बछड़े की कटी गर्दन देखी। इस पर उन्होंने क्षेत्र के अन्य लोगों को सूचित किया। यह बात क्षेत्र में फैल गई और लोग घटनास्थल पर जमा होने लगे। इस पर खौड़ पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस की टीम एएसआई गोपाल शर्मा के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की लोगों से जानकारी ली। पुलिस ने बछड़े की गर्दन को कब्जे में लिया और जाने की कोशिश की। इसका उपस्थित लोगों ने विरोध किया। इस पर थाना प्रभारी खौड़ नीरज चौधरी ने मौके पर पहुंच कर लोगों को शांत करते हुए भरोसा दिलवाया कि इस मामले की गहन जांच की जाएगी। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और बछड़े का शव (गर्दन) इस समय हमें पोस्टमार्टम करने के लिए ले जाना पड़ेगा क्योंकि जम्मू से डाॅक्टरों की टीम को बुलाया गया है। गुस्साए लोगों ने रोष जताते हुए खौड़ कैंप एसडीएम कार्यालय खौड़ के नजदीक से पलांवाला - जम्मू मुख्य मार्ग को बंद कर यातायात अवरुद्ध कर दिया। गुस्साए लोग क्षेत्र में रह रहे गुज्जर सामुदाय के लोगों को क्षेत्र से चले जाने की मांग कर रहे थे। मामले को बिगड़ता देख देर शाम लगभग आठ बजे के करीब एसडीएम सतीश कुमार शर्मा ने खौड़ में पहुंच कर लोगों को शांत करते हुए भरोसा दिया कि जिन लोगों ने भी क्षेत्र में गुज्जर समुदाय के लोगों को अपनी भूमि में शरण दी है, उन सब किसानों को एक नोटिस दिया जाएगा कि अगर गुज्जर समुदाय का कोई भी शख्स गलत करता हुआ पकड़ा गया तो उसका जिम्मेदार वह किसान भी होगा, जिसने अपनी भूमि में गुज्जरों को शरण दी है।