अरनिया। अरनिया के वार्ड नंबर 11 में लोड कैरियर की चपेट में आने से पूर्व पार्षद जीत राज सैनी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार जीत राज सैनी अरनिया सब्जी मंडी में व्यापारी थे। वह किसानों के खेतों से लोड कैरियर के जरिए सब्जी मंडी तक पहुंचाते थे। शनिवार देर शाम को वह फूलगोभी से भरा लोड कैरियर लेकर घर पहुंचे। उन्होंने लोड कैरियर को घर में खड़ा किया, लेकिन हैंड ब्रेक लगाना भूल गए। इसके चलते वाहन बाहर की ओर सरकाना शुरू हो गया। जीत राज सैनी लोड कैरियर से पीछे हटाने का प्रयास करने लगे। लोड कैरियर उन्हें धकेल कर सड़क किनारे नाले में ले गया। इससे जीतराज लोड कैरियर के नीचे दब गए। उन्हें अरनिया अस्पताल ले जाया गया। वहां से जीतराम को जीएमसी जम्मू रेफर किया गया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत लाया घोषित कर गया। जीत राज सैनी का अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा। उनकी मौत से अरनिया कस्बे और आसपास के गांवों में शोक की लहर है। संवाद