पुंछ। जिले की मंडी तहसील में वीरवार को एमईएस मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विसेज (एमईएस) के पोर्टर (अस्थायी कर्मचारी) के रूप में काम करने वाले की बिजली का करंट लगने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान नवीन शर्मा पुत्र तिलक राज निवासी सुंदरबनी जिला राजोरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वीरवार दोपहर को मंडी तहसील के गांव सेकलु स्थित सेना की डोडा बटालियन के मुख्यालय में मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विसेज (एमईएस) के अस्थायी पोर्टर अपना नियमित काम कर रहे थे। इस दौरान नवीन कुमार काम करते समय गलती से हाई वोल्टेज बिजली की लाइन के संपर्क में आ गया। इससे उसे बिजली का करंट लगा। इसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद सेना ने मृतक के परिवार को वित्तीय सहायता का आश्वासन दिया है।