दिल्ली, जम्मू व श्रीनगर में आलीशान बंगले, सोपोर में शाॅपिंग कांप्लेक्स
टाटा सफारी समेत तीन कारें और ट्रैक्टर भी, बैंक खातों में लाखों की राशि जमा
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने आय से अधिक संपत्ति पर लोक निर्माण विभाग से सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई रियाज अहमद पर्रे निवासी हिगाम के खिलाफ की गई है। उसके दिल्ली, जम्मू, श्रीनगर में आलीशान बंगले, सोपोर में शाॅपिंग कांप्लेक्स, टाटा सफारी समेत तीन कारें, ट्रैक्टर और बैंक खातों में लाखों रुपये जमा हैं।
जांच में सामने आया कि अधिकारी ने अपनी नाैकरी के दौरान जम्मू-कश्मीर समेत दिल्ली में संपत्तियां अर्जित कीं और आय से कहीं अधिक खर्च व निवेश किया। उसके खिलाफ बारामुला थाने में मामला किया गया। अदालत से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद दिल्ली, जम्मू समेत आरोपी के विभिन्न ठिकानों पर दबिश देकर तलाशी ली गई। इसमें संपत्ति अधिग्रहण से संबंधित कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए।
अचल संपत्ति में ये शामिल
आरोपी के पास अचल संपत्ति में जम्मू के ग्रेटर कैलाश फ्लैट और रेजिडेंसी रोड पर एक मकान है। दिल्ली के छतरपुर एन्क्लेव फेज-2 व 3 में फ्लैट हैं। श्रीनगर के बाग-ए-महताब में एक आलीशान मकान, सोपोर में एक शॉपिंग कांप्लेक्स (जिसमें बैंक शाखा भी है), हिगाम में एक मकान व चार दुकानें, बारामुला के बुल्कम गांव में हाईवे से सटी दो कनाल, बारामुला में 17 कनाल व हिगाम दो कनाल नौ मरला भूमि शामिल है।
आरोपी की चल संपत्ति
आरोपी के पास चल संपत्ति में टाटा सफारी, हुंडई आई-10, वैगनार और ट्रैक्टर समेत अन्य वाहन भी हैं। 88 लाख रुपये की पांच एफडी, 35 लाख रुपये की बीमा पॉलिसियां और 10 लाख रुपये की स्वास्थ्य बीमा पॉलिसियां भी हैं। बैंक ऋणों की पुनर्भुगतान पर भी बड़ी राशि खर्च की है। इन संपत्तियों और खर्चों के आधार पर यह स्पष्ट है कि आरोपी ने अपनी आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है।