अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। छतों पर रूफटॉप सोलर पैनल लगवाने के नाम पर एडवांस भुगतान कर चुके तीन पूर्व सैनिकों को क्राइम ब्रांच के हस्तक्षेप से बड़ी राहत मिली है। समय पर कार्रवाई से उनके 7.75 लाख रुपये डूबने से बच गए।
क्राइम ब्रांच की आर्थिक अपराध शाखा के अनुसार पुरखू के राजिंदर कुमार, न्यू शांति नगर के विनोद बधकुलिया और संजय नगर के जगदीश चंद्र ने सोलर पैनल के लिए आवेदन किया था। तीनों पूर्व सैनिकों ने छह फरवरी को मेसर्स फ्रेंड्स इलेक्ट्रिकल मैकेनिकल इलेक्ट्रॉनिक्स के प्रोपराइटर जावेद अहमद डार के खाते में कुल 7,75,500 रुपये जमा कराए थे। पूरी रकम खाते में आने के बावजूद वेंडर ने इंस्टॉलेशन का काम नहीं किया। पीड़ितों ने क्राइम ब्रांच जम्मू में शिकायत की। टीम ने तुरंत जांच शुरू की। आरोपी वेंडर को तलब किया। जांच अधिकारी की सख्ती के बाद आरोपी ने अपना काम पूरा किया। अब तीनों स्थानों पर सोलर पैनल सिस्टम इंस्टॉल हो चुके हैं। क्राइम ब्रांच जम्मू के एसएसपी फैसल कुरैशी ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी सेवा या खरीदारी में सतर्क रहें। धोखाधड़ी का अंदेशा होने पर तुरंत शिकायत करें।