जम्मू। शहर में चोरियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे दिनदहाड़े घरों को निशाना बना रहे हैं। बुधवार को सतवारी में किराये के मकान में घुसकर चोर लाखों रुपये की नकदी और सोने के जेवरात ले गए। सोशल मीडिया पर महिला का वीडियो प्रसारित हुआ।
पीड़िता दर्शना देवी ने बताया कि परिवार 16 वर्षों से मकान में किराये पर रह रहा है। वह दोपहर करीब 12 बजे बेटी के साथ बाजार गई थी। घर के दोनों दरवाजों पर ताला लगा था और चाबी छिपाकर रखी थी। करीब साढ़े तीन बजे जब लौटी तो दोनों दरवाजे खुले थे। कमरों में सामान बिखरा था और अलमारी व लॉकर से करीब 15 से 16 तोले सोना और पांच से छह लाख रुपये गायब थे। पीड़िता का कहना है कि ताले तोड़े नहीं गए, बल्कि चाबी से खोले गए। आशंका है कि चोर को पहले से जानकारी थी कि चाबी कहां है। मौके पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जरूरी साक्ष्य जुटाए।