पुलिस ने गुप्त रखा नाम, अधिकारियों का दावा - जल्द और गिरफ्तारियां होंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
बनतालाब। पशु तस्करों ने शुक्रवार देर रात ठाठी नाके पर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। पुलिस की गाड़ी को क्षतिग्रस्त किया। इस हमले में घरोटा के एसआई अविनाश घायल हुए हैं। मामले में पुलिस ने पशु तस्करी में शामिल वाहन चालक राजपुरा निवासी पउआ सहित तीन को गिरफ्तार किया है।
घरोटा और अखनूर थाने की पुलिस टीम संयुक्त रूप से जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार जांच के चलते अन्य आरोपियों की पहचान गुप्त रखी गई है। एसआई अविनाश ने बताया कि मामले में अभी कुछ अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जानी है। इनकी पहचान की जानकारी वाहन चालक से पूछताछ में पता की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों को शक के आधार पर हिरासत में लिया गया है। अब पूछताछ में सारी स्थिति साफ हो सकेगी। एसएचओ अखनूर मोहम्मद अहमद ने कहा कि संयुक्त अभियान चलाकर कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। कुछ संदिग्धों को अखनूर थाने व कुछ को घरोटा थाने में रखा गया है। जैसे ही अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिलती है सभी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।