अंतरराज्यीय सिंडिकेट से पांच लाख से अधिक नशीली दवाएं जब्त, चार गिरफ्तार
विज्ञापन
चिनैनी में बस से गिरफ्तारी के बाद एनसीबी जम्मू व दिल्ली की टीमों ने पकड़ा जखीरा अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। देश की राजधानी दिल्ली से कश्मीर तक दवाओं के रूप में नशे का जहर पहुंचाने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय सिंडिकेट का नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने भंडाफोड़ कर दिया है। जम्मू और दिल्ली की टीम ने मिलकर इस गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से नशीली दवाओं की पांच लाख से अधिक गोलियां, कैप्सूल और बोतलें बरामद की हैं। जांच प्रभावित न हो, इसलिए एनसीबी ने आरोपियों की पहचान उजागर नहीं की है।
एनसीबी प्रवक्ता के अनुसार खुफिया सूचना मिली थी कि दिल्ली से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप कश्मीर भेजा जा रहा है। इसके बाद कार्रवाई शुरू की गई। एनसीबी जम्मू की टीम ने 16 नवंबर की तड़के उधमपुर जिले के चिनैनी में टोल प्लाजा के पास श्रीनगर जा रही एक बस को रोका। तलाशी में डोडा जिले के भद्रवाह निवासी एक व्यक्ति के पास से सात किलोग्राम कोडीन आधारित कफ सिरप जब्त किया गया। इस गिरोह की यह पहली गिरफ्तारी थी।
विज्ञापन
एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर एनसीबी ने जांच का दायरा बढ़ाया। इस दाैरान अनंतनाग जिले के रहने वाले उस व्यक्ति को दबोचा गया। एनसीबी के अनुचार दिल्ली से लाई गई खेप उसी को साैंपी जानी थी।
शाहदरा के किराये के मकान में बना रखा था गोदाम
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की गई। डिजिटल व वित्तीय सुराग जुटाए गए। जांच में इस नेटवर्क के तार दिल्ली से जुड़े। इसके बाद एनसीबी जम्मू और एनसीबी दिल्ली की टीमों ने 18 नवंबर को दिल्ली में दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया। इनके पास से सिरप की 356 बोतलें बरामद की गईं। पूछताछ में पता चला कि इस नेटवर्क ने दिल्ली के शाहदरा इलाके में किराये के मकान में गोदाम बना रखा था।
-एनसीबी टीमों ने 18 और 19 नवंबर को गोदाम पर छापेमारी की। तलाशी में ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड, अल्प्राजोलम, नाइट्राजेपाम और कोडीन युक्त फार्मास्युटिकल दवाओं की पांच लाख से अधिक गोलियों, कैप्सूल और बोतलों का जखीरा बरामद हुआ। ये सभी दवाएं अवैध रूप से बाजार में पहुंचाने की तैयारी थी।
आपूर्ति चेन और वित्तीय नेटवर्क पर शिकंजा
एनसीबी ने कहा कि पूरे सिंडिकेट की जड़ों पर प्रहार करने की तैयारी है। पता लगाया जा रहा है कि जब्त सिरप को शहर से कब और कैसे बाहर निकाला गया। इसमें किन लोगों और फर्मों ने मदद की। आरोपियों के वित्तीय लेनदेन व बैंक खातों की भी गहन पड़ताल की जा रही है।
तस्करी दिखे तो मानस को बताएं
एनसीबी ने नशा मुक्त समाज बनाने के लिए आम लोगों को आगे आने के लिए कहा है। कहा कि यदि कहीं पर भी नशीली दवाओं की तस्करी जुड़ी जानकारी मिले तो राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन ''''मानस'''' (1933) पर सूचित करें।