- थाना बख्शी नगर की पुलिस ने कठुआ से की धरपकड़, लाखों रुपये की नकदी और गहने बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। थाना बख्शी नगर की पुलिस ने एक घर में हुई चोरी के मामले को चार घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने चोरी करने के दो अंतर-राज्यीय आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया। चोरी हुआ सारा सामान भी बरामद कर लिया गया है।
बख्शी नगर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाली सरवाल पुलिस चौकी (पीपी) में जम्मू की रिहाड़ी कॉलोनी निवासी सत्यम शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 11 से 13 अक्तूबर 2026 के बीच जब वे घर पर नहीं थे, तब कुछ अज्ञात लोगों ने उनके घर से 50,000 रुपये की नकदी और सोने के गहने चोरी कर लिए।
गहनों में सोने का एक कड़ा, एक जोड़ी झुमके और एक पेंडेंट शामिल थे। बख्शी नगर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। एसडीपीओ सिटी वेस्ट और एसपी सिटी नॉर्थ जम्मू की देखरेख में पीपी सरवाल और बख्शी नगर पुलिस स्टेशन की एक टीम ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की। पता चला कि ये पेशेवर आरोपी हैं जो केंद्र शासित प्रदेश के बाहर से आकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं।
पंजाब भागने की फिराक में थे
पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम ने कठुआ में दोनों आरोपियों को उस समय पकड़ लिया, जब वे वारदात को अंजाम देने के बाद पंजाब की ओर भागने की कोशिश कर रहे थे। पकड़े गए एक आरोपी की पहचान तरुण कुमार के रूप में हुई है और दूसरा नाबालिग है। दोनों पंजाब के अमृतसर शहर के रहने वाले हैं। पुलिस ने चोरी हुए गहने और नकदी बरामद कर ली है। जम्मू और पड़ोसी राज्यों में चोरी के अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता का पता लगाने के लिए जांच चल रही है।