- गली नंबर छह में स्कूटी पर चढ़कर घर में घुसा था चोर
- हथौड़ी से अलमारी तोड़कर ले गया था जेवरात
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। न्यू प्लाट क्षेत्र की गली नंबर छह में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान सचिन मट्टू निवासी न्यू प्लाट के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से चोरी हुए सोने के जेवरात व अन्य सामान भी बरामद हुआ है। शुक्रवार को आरोपी ने घर के बाहर खड़ी स्कूटी का सहारा लेकर अंदर प्रवेश किया था। इसके बाद हथौड़ी से अलमारी तोड़कर सोने के जेवरात लेकर फरार हो गया।
पीड़ित प्रवीन कुमार के अनुसार, पुलिस ने आरोपी और बरामद जेवरात की पहचान के लिए उन्हें रिहाड़ी पुलिस चौकी बुलाया था। वहां उन्होंने आरोपी को पहचान लिया। प्रवीन ने बताया कि आरोपी उनके ही मोहल्ले का रहने वाला है। प्रवीन के मुताबिक, चोरी की वारदात को बेहद शातिर तरीके से अंजाम दिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी नशे का सेवन करता है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया हो सकता है। हालांकि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। पुलिस को शक है कि आरोपी पहले भी क्षेत्र में हुई कुछ चोरियों में शामिल रहा हो सकता है। इसके लिए पुराने चोरी के मामलों से आरोपी की गतिविधियों को मिलाया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद पुलिस की ओर से मामले में और खुलासे किए जाने की संभावना है।