- आरोपियों में दो जम्मू-कश्मीर, दो दिल्ली, एक यूपी, एक हिमाचल, दो चंडीगढ़ और एक पंजाब का शामिल
- क्राइम ब्रांच ने पुंछ व जम्मू की अलग-अलग अदालताें में पेश किया चालान
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। धोखाधड़ी के पांच मामलों में क्राइम ब्रांच जम्मू ने नाै आरोपियों के खिलाफ विभिन्न अदालतों में चालान पेश किए हैं। इन आरोपियों में दो जम्मू-कश्मीर, दो दिल्ली, एक यूपी, एक हिमाचल प्रदेश, दो चंडीगढ़ और एक पंजाब का शामिल है। ये मामले एमबीबीएस सीट दिलाने, विदेश भेजने और नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी से जुड़े हैं। कुल 35 लाख रुपये की ठगी की शिकायतों पर क्राइम ब्रांच ने मामले दर्ज किए थे।
पुंछ के सुरनकोट निवासी डाॅ. मुमताज हुसैन शाह ने हिमाचल प्रदेश के मंडी निवासी आलोक कुमार और डोडा के बलेसा निवासी मुनीर अहमद भट्ट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इन दोनों ने जम्मू के सिद्दड़ा स्थित निजी अस्पताल में एमबीबीएस की सीट दिलाने के नाम पर 12 लाख रुपये लिए। मुमताज ने दो बेटियों को सीट दिलाने के लिए यह पैसा दिया। बाद में न सीट मिली और न ही पैसा।
अन्य मामलों में जम्मू के मढ़ निवासी राकेश कुमार ने व्यापार के लिए मशीनरी उपलब्ध कराने के नाम पर 9.42 लाख रुपये की ठगी करने के संबंध में विजय इंडस्ट्रीज के प्रोपराइटर राकेश सरीन निवासी विकास नगर (दिल्ली) के खिलाफ शिकायत की थी।
आरएस पुर के वार्ड-13 निवासी सतपाल शर्मा ने बारामुला (कश्मीर) के शफीक अहमद, नई दिल्ली के मोहम्मद इनाम-उल हक और नोएडा (यूपी) के निवासी फिरोज खान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। बताया कि तीनों ने उसके बेटे को विदेश भेजने और वहां नौकरी दिलाने के नाम पर 6.50 लाख ठगे। राजोरी के रहने वाले विजय कुमार ने पंजाब के फतेहगढ़ साहिब निवासी वरिंद्र कुमार के खिलाफ वर्क वीजा दिलाने के नाम पर ठगी की।
इसके अलावा जम्मू के घो मन्हासा निवासी सुधीर कुमार व बचन लाल ने चंडीगढ़ के रहने वाले पवन कुमार व नरेश कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। आरोप लगाया कि उन्हें पीरस सिक्योरिटी एंड एलाइड सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड में सुपरवाइजर के रूप में नौकरी दिलाने के बहाने 6.41 लाख रुपये की ठगी की गई थी।
इन सभी मामलों को लेकर क्राइम ब्रांच के एसएसपी बेनाम तोष का कहना है कि पुंछ, जम्मू समेत कई जिलों में अलग-अलग अदालतों में चालान पेश किए गए हैं। अब आगे की कार्रवाई अदालत में होगी।