दोमाना। दोमाना थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन देसी कट्टे, कारतूस और एक तेजधार हथियार बरामद किए हैं। पहली घटना 28 नवंबर की रात ग्रैंड रीव्स बैंक्वेट हॉल उदयवाला में हुई, जहां एक अज्ञात व्यक्ति की फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। मामले की सूचना मिलते ही दोमाना थाने में मामला दर्ज किया गया। एसएचओ वरुणेश्वर की टीम ने आरोपी सन्नी शर्मा निवासी मढ़ को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर दो देसी कट्टे व कारतूस बरामद किए गए। जांच में सामने आया है कि आरोपी थाना कानाचक के एक अन्य मामले में भी वांछित है। दूसरी कार्रवाई 29 नवंबर की रात भगवती नगर–पौनीचक नाका पर की गई। पौनीचक पुलिस चौकी प्रभारी अमरीक सिंह ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की। उसकी पहचान जसकीरत सिंह निवासी कैंप गोल गुजराल के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से एक देशी कट्टा और तेजधार हथियार (टोका) बरामद किया गया। दोमाना थाने में मामला दर्ज किया गया। आरोपी दोमाना और नवाबाद थानों के दो अन्य मामलों में भी वांछित है। संवाद