- मंगलवार देर रात यार्ड नंबर-5 में तोड़े ताले, पुलिस टीम को देख आधा सामान छोड़ भागे चोर
- शहर में चार दिन में चोरी की दूसरी बड़ी वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। बीते चार दिन में दूसरी बार शातिरों ने दुकानों में सेंधमारी की है। मंगलवार की देर रात नरवाल के यार्ड नंबर-5 में वाहन रिपेयरिंग की चार दुकानों के ताले तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर लिया। इसमें आठ बैटरियों समेत लैपटाॅप और वाहनों के इंजन का सामान शामिल है। हालांकि पुलिस टीम को देखकर आरोपी आधा सामान सड़क पर फेंककर फरार हो गए। नरवाल चौकी में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार एक इस मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दुकानों के पास लगे सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं।
बताया जा रहा कि शातिर एक वाहन से आए थे। पहले उन्होंने दुकानों की रेकी की और फिर ताले तोड़कर सामान चोरी किया। एक दुकान के मालिक सुखेदव सिंह ने बताया कि जब वह बुधवार की सुबह दुकान पर पहुंचे तो ताला टूटा मिला और अंदर सामान गायब था। उन्होंने साथ लगती दुकानों को देखा तो इनमें भी तीन के ताले टूटे मिले। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने तहकीकात शुरू कर दी। सुखदेव ने पुलिस को बताया कि उनकी दुकान से वाहनों की आठ बैटरियां, लैपटॉप और अन्य सामान चोरी हुआ है।
-
रात को गश्त बढ़ाए पुलिस
बता दें की दिवाली की रात भी शहर के अपर गुम्मट इलाके में चोरों ने ज्यूलरी की दुकान से लाखों के गहने और नकदी चोरी की थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान शफादू निवासी पश्चिम बंगाल और विक्की निवासी हरि मार्केट जम्मू के रूप में हुई है। शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोगों और दुकानदारों में डर बना है। लोगों ने मांग है कि संवेदनशील इलाकों में रात को पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए।
-
इस मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। चोरों द्वारा रात को सड़क पर फेंका सामान जब्त कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
- ललित कुमार, प्रभारी, नरवाल पुलिस चौकी