- नौ दिसंबर 2023 को चासाना इलाके में जिया बग्गो दास गांव में मृत मिला था रफीक
- पुलिस का कहना-पड़ोसियों ने किया था कत्ल
संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। जिले के चासाना इलाके में जिया बग्गो दास गांव में नौ दिसंबर 2023 को स्थानीय निवासी मोहम्मद रफीक का शव बरामद किया गया था। इस मामले में पुलिस की तहकीकात में सामने आया है कि मो. रफीक की सिर पर डंडा मारकर हत्या की गई है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान नजीर अहमद, शब्बीर अहमद, नजीर अहमद और फारूक अहमद सभी निवासी जिया बग्गो दास गांव के रूप में हुई है।
पांच माह पहले हुई वारदात के दौरान चसाना पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव को परिजनों के हवाले कर 174 सीआरपीसी के तहत मामला दर्ज किया था। पूछताछ में मोहम्मद रफीक की हत्या की बात सामने आई। पुलिस ने 2024 की शुरूआत में केस को एफआईआर नंबर आठ अंडर सेक्शन 302 व 120बी आईपीसी में बदल कर कार्रवाई शुरू की। एसएसपी मोहिता शर्मा के आदेश पर केस की जांच का जिम्मा चासाना के एसएचओ रंजीत सिंह राव व एसडीपीओ माहौर एजाज चौधरी को सौंपा। कई और लोगों से पूछताछ के बाद तस्वीर साफ हुई। वहीं, चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार मोहम्मद रफीक की हत्या की साजिश नजीर अहमद के घर पर सभी आरोपियों ने रची थी। बाद में एक डंडे से सिर पर वार कर वारदात को अंजाम दिया था। वहीं, शव को घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर फेंककर दुर्घटना दिखाने की कोशिश की गई थी।