वीआईपी नंबर की कार, दो ट्रक और एक बाइक भी जब्त
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। सतवारी पुलिस थाने के अंतर्गत गाढ़ीगढ़ में पुलिस ने लाखों रुपये की हेरोइन बरामद की है। पंजाब के एक नशा तस्कर से बरामद हेरोइन के साथ उस पर एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने वाहनों की जांच के दौरान बाइक (पीबी06एएम 1521) को रोका। बाइक सवार की तलाशी ली गई तो उसके पास से 100 ग्राम हेरोइन मिली। आरोपी ने अपना नाम जफर हुसैन और पता टांडा (पंजाब) बताया। पूछताछ में पता चला कि वह पहले भी नशा तस्करी में संलिप्त रहा है। अकसर पंजाब से हेरोइन लेकर जम्मू आता है और आसपास के युवाओं में बेच देता है। सिद्दड़ा में भी पुलिस ने हेरोइन के साथ एक नशा तस्कर को दबोचा है। सिद्दड़ा के रहने वाले वसीम अहमद से 6 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है।
नगरोटा टीसीपी पर पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नशा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने एक वीआईपी कार समेत तीन वाहनों को जब्त करते हुए तीन नशा तस्करों को भुक्की के साथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार श्रीनगर से जम्मू की तरफ आ रही एक (जेके21 जी 1313) को तलाशी के लिए रोका। चालक से 2 किलो भुक्की बरामद की गई। आरोपी हरजीत सिंह सांबा के रामगढ़ का रहने वाला है। हरजीत ने बताया कि वह श्रीनगर से भुक्की लेकर आया है। श्रीनगर से आ रहे दो ट्रकों में भी उसने भुक्की की खेप मंगवाई है, जोकि पीछे आ रही है। इस पर पुलिस ने उक्त दोनों ट्रकों को पकड़ने के लिए नाका लगा दिया। दोनों ट्रकों को नाके पर पहुंचते ही जांच के लिए रोका और इनकी तलाशी लेते हुए भुक्की बरामद की गई। ट्रक (जेके02एजी 9781) के चालक राजकुमार से 27 किलो भुक्की बरामद की गई। ट्रक (जेके02एएफ 3645) के चालक अर्जुन लाल निवासी हीरानगर से 23 किलो भुक्की बरामद हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।