- स्कूल शिक्षा विभाग अनाथ और बीपीएल परिवारों के बच्चों को देगा नि:शुल्क कोचिंग
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में अब आर्थिक तंगी बच्चों के लिए अड़चन नहीं बनेगी। स्कूल शिक्षा निदेशालय जम्मू बीपीएल, अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई), प्राथमिकता घरेलू (पीएचएच) और अनाथ छात्रों को निजी कोचिंग संस्थानों में यूजीसी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग दिलाएगा। इसके लिए योग्य अभ्यर्थियों से 30 अगस्त तक आवेदन मांगे गए हैं।
निजी ट्यूशन सेंटर नियम, 2010 के तहत कोचिंग संस्थानों को 10 फीसदी आरक्षित कोटा के तहत इन बच्चों को प्रवेश देना होगा। ऐसे बच्चों को आवेदन फार्म के साथ जरूरी प्रमाणपत्र विभाग की ईमेल (bplstufc.dseigmail.com) या फिर मुट्ठी स्थिति विभाग के कार्यालय में जमा करवाना होगा। हर वर्ष दस फीसदी बच्चों को निशुल्क कोचिंग दी जाती है, ताकि वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयार कर सपनों को पूरा कर सकें। बच्चे यूटी कोर्स और जेईई-नीट की कोचिंग के लिए आवेदन कर सकते हैं। स्कूल शिक्षा निदेशालय जम्मू ने इसको लेकर अधिसूचना जारी कर दी है।
शिक्षा विभाग को नहीं पता
कितने छात्र हुए थे सफल
पिछले वर्ष भी स्कूल शिक्षा विभाग ने बच्चों को निशुल्क कोचिंग दी थी। इसमें जेईई-नीट की कोचिंग भी शामिल थी, लेकिन विभाग को अभी तक पता नहीं है कितने छात्रों ने सफलता हासिल की। ऐसे में योजना का उचित कार्यान्वयन हो रहा है या नहीं इसको लेकर शिक्षा विभाग खुद गंभीर नहीं है।