चिनौर पुलिस ने चोरी का मामला सुलझाया
जम्मू। चिनौर पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर दूसरी बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी के एक मामले को सुलझाया है। इसके तहत सुनार सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 1.10 लाख रुपये नकद व दो सोने की बालियां बरामद की गईं।
चिनौर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि अज्ञात अपराधियों ने एक घर का ताला तोड़कर नकदी और सोने के गहने चुरा लिए थे। इस पर दोमाना पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी एवं क्षेत्रीय जांच के आधार पर आरोपियों के रास्तों की पहचान की गई।
टीम ने दोमाना थाना प्रभारी वरुणेश्वर सिंह और एसडीपीओ मुदस्सिर हुसैन के मार्गदर्शन में पीएसआई ताहिर शब्बीर की सहायता से दो मुख्य आरोपियों राज करण (निवासी नारदानी बन तालाब) और भादर अली (निवासी केरन बनतालाब) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में भादर अली ने अपराध स्वीकार करते हुए चोरी का सामान बताया।
इसी कड़ी में चोरी के गहने रखने के आरोप में सुनार राजिंदर कुमार पुरी (निवासी पलौड़ा, जम्मू) को भी गिरफ्तार किया गया। पूरा ऑपरेशन एसपी ग्रामीण जम्मू बृजेश शर्मा की निगरानी में किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।