- चढ़गाली के नशा तस्करी का आरोप, कार समेत आरोपियों को पुलिस के हवाले किया
संवाद न्यूज एजेंसी
मिश्रीवाला। मढ़ के सीमावर्ती गांव चढ़गाली में नशे के खिलाफ ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभालते हुए 10 ग्राम हेरोइन के साथ तीन युवकों को पकड़ा है। ग्रामीण लगातार तीन दिन से नशा तस्करों पर नजर रखे हुए थे। रविवार शाम जैसे ही आरोपी गांव में पहुंचे तो ग्रामीणों ने कार समेत तीनों को पकड़ लिया। इसके बाद कानाचक थाने की पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोपियों की पहचान शब्बीर हुसैन, गगनदीप सिंह, मुनीष सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक विशेष समुदाय के एक नशा तस्कर से नशीला पदार्थ खरीदते थे और आगे युवाओं को बेचते थे। आरोप है कि तीनों लंबे समय से इलाके में नशा बेच रहे थे। सूचना मिलने के बाद कानाचक थाने से पुलिस टीम माैके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पहले इलाके में एक युवक की नशे की ओवरडोज से मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि युवक अक्सर इन्हीं तीनों आरोपियों के साथ रहता था। इस घटना के बाद ग्रामीणों का शक गहराया और वे पिछले तीन दिनों से नशा तस्करों की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि जैसे ही तीनों युवक गांव पहुंचे, उन्हें घेरकर पकड़ लिया। बाद में तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है।
एसएचओ बलराम शर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वह किसी मीटिंग में हैं और इस संबंध में सोमवार को पूरी जानकारी उजागर की जाएगी। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
कड़ी कार्रवाई की मांग
स्थानीय निवासी बाबू सिंह, बलजीत, सिंह, सोहल सिंह आदि का कहना है कि नशे के कारण क्षेत्र के कई युवाओं का भविष्य खराब हो रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क का पता लगाया जाए और नशा बेचने में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही क्षेत्र में रात में पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग की।