पठानकोट/जम्मू। एनडीपीएस मामले के भगोड़े को 12 साल बाद गिरफ्तार किया गया, लेकिन जब उसे अदालत लाया गया तो वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी के फरार होने के बाद मुलाजिमों के हाथ-पैर फूल गए। इस मामले में अभी कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
सदर पुलिस ने साल 2007 में जम्मू के रेशमघर कॉलोनी निवासी सुनील कुमार उर्फ भोला को एनडीपीएस मामले में गिरफ्तार किया था। अदालत में गैर हाजिर रहने पर साल मई 2010 में उसे भगोड़ा घोषित किया गया।
एक दिन पहले ही पुलिस के पीओ स्टाफ ने उसे नरवाल जम्मू से गिरफ्तार करने का दावा किया और फोटो भी खिंचवाए। वीरवार को जब शाम साढ़े 4 बजे पेशी के बाद आरोपी को वापस ले जाने लगे तो तो वह फरार हो गया। पुलिस कर्मियों ने अदालत के बाहर तक उसका पीछा किया, लेकिन वह भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकला। इस मामले के बाद अधिकारियों ने जांच बैठा दी है।