जम्मू। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बाहू के पूर्व तहसीलदार रोहित शर्मा पर शिकंजा कसते हुए आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में केस दर्ज किया है।
पूर्व तहसीलदार शर्मा पर बाहू तहसील में तैनाती के दौरान अपने और अपने परिवार के नाम पर जमकर आय से अधिक संपत्ति जुटाने के आरोप हैं। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने 14 नवंबर 2022 को शर्मा को ट्रैप कर पकड़ा था।
सीबीआई के मुताबिक विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पूर्व तहसीलदार शर्मा ने अपनी पत्नी शवी और अन्य रिश्तेदारों के नाम पर जमीन, आभूषण और अन्य चल-अचल संपत्तियां खरीदीं।
जांच में सामने आया है कि वर्ष 2020 की शुरुआत में रोहित के पास कुल 14.35 लाख रुपये की संपत्ति थी, जो 2022 के अंत तक बढ़कर 1.30 करोड़ रुपये हो गई। इस प्रकार उन्होंने इस दौरान कुल 1.16 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की।
इस दौरान उनकी आय करीब 65.45 लाख रुपये और खर्च करीब 82.51 रुपये रहा। इसलिए सीबीआई ने शर्मा के खिलाफ नियमित मामला दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी डीएसपी सुशील कुमार को सौंपी है।
शर्मा को वर्ष 2010 में नायब तहसीलदार पद पर नियुक्त किया गया था। उन्होंने 30 अप्रैल 2010 को राजस्व प्रशिक्षण संस्थान, जम्मू में प्रशिक्षण शुरू किया था।
उसके बाद से वर्ष 2020 तक वे राज्य के विभिन्न इलाकों में नायब तहसीलदार, तहसीलदार और प्रभारी तहसीलदार के रूप में तैनात रहे। 20 मार्च 2020 को वे बाहू तहसील में तहसीलदार के रूप में तैनात हुए और 14 नवंबर 2022 को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के ट्रैप किए जाने तक वहीं तैनात रहे।