- खुद को शिक्षा विभाग का कर्मी बताकर करता था संविदा नौकरी दिलाने का दावा
- 10-12 लोगों से 20 से 25 लाख रुपये ठगने का आरोप, गांधीनगर थाने में एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। सचिवालय में संविदा पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने के आरोपी बृघुनंदन शर्मा को पीड़ित ने वीरवार को फिल्मी स्टाइल में बीच चौराहे में दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। सिटी पुलिस थाने ने आरोपी के खिलाफ बीते माह 19 जून को धोखाधड़ी में एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ वर्ष 2024 में भी प्राथमिकी दर्ज है।
शिकायतकर्ता चनदीप सिंह ने अनुसार वीरवार को आरोपी अपने खिलाफ पहले से दर्ज मामले में वारंट रद्द करवाने के लिए कोर्ट गया था। कोर्ट में कुछ जानने वाले वकीलों ने इसकी सूचना दी। आरोपी को कोट परिसर में नहीं पकड़ सकता था, इसलिए उसके बाहर आने का इंतजार किया। लौटते समय शकुंतला चौक के पास उसे दबोच लिया। इसके बाद ऑटो में बिठाकर पीर मिट्ठा थाना पहुंचाया।
यह मामला सिटी थाने में आता है, इसलिए आरोपी को रेजिडेंसी चौकी पुलिस के हवाले कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार बृघुनंदन शर्मा गांधीनगर के शिवा नगर चौक का रहने वाला है। ठगी के मामलों के बाद वह उधमपुर में छिपकर रह रहा था। वह खुद को शिक्षा विभाग का कर्मचारी बताता था और दावा करता था कि सचिवालय में संविदा पर नौकरी लगवा सकता है।
लोगों का विश्वास जीतने के लिए उसने अपने साथ एक व्यक्ति को पीए के रूप में भी रखा हुआ था, जिससे उसके दावे असली लगते थे। चनदीप सिंह ने बताया कि वर्ष 2025 में डीसी कार्यालय के पास तहसील में परिचितों के माध्यम से उनकी मुलाकात आरोपी से हुई। बाद में उनकी पत्नी ने भी नौकरी के संबंध में उससे संपर्क किया। आरोपी ने पहले 20 हजार रुपये लिए और फिर अलग-अलग लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये वसूलना शुरू कर दिया। अलग-अलग लोगों को नियुक्ति आदेश दिखाकर भरोसा दिलाता और पैसे ऐंठता था। सिटी थाने पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर जांच कर रही है।