रोजाना चिनाब किनारे स्थित गुरुद्वारे में पाठ करने जाते थे कुलवंत सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। मंडा के रहने वाले कुलवंत सिंह (77) का शव रविवार को चिनाब दरिया किनारे हरिमंदिर घाट के पास बरामद किया गया। वह मूल रूप से सुंगल गांव के निवासी थे और शनिवार से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गए थे।
परिजनों के अनुसार, कुलवंत सिंह प्रतिदिन चिनाब किनारे स्थित गुरुद्वारे में धार्मिक पाठ करने जाते थे। शनिवार को वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस ने एसडीआरएफ की सहायता ली। रविवार शाम तलाशी अभियान के दौरान टीम ने हरिमंदिर घाट पर दरिया से निकलने वाली नहर के मुहाने के पास उनका शव बरामद किया।
अधिकारियों ने शव को बरामद कर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर परिजनों को सौंप दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुलवंत सिंह एक शांत स्वभाव के धार्मिक व्यक्ति थे और वर्षों से रोजाना गुरुद्वारे में सेवा करते आ रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि प्राथमिक तौर पर यह दुर्घटनावश नदी में गिरने का मामला प्रतीत हो रहा है। फिर भी, पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।