अखनूर। जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में अखनूर में एक कुख्यात नशा तस्कर की थार गाड़ी को कुर्क किया है। यह थार गाड़ी नशा तस्कर अनिल सिंह उर्फ फुर्तीला निवासी हमीरपुर वर्तमान में कोडेवाला की है। अनिल सिंह पर जम्मू कश्मीर के विभिन्न थानों में नशा तस्करी के कई मामले दर्ज हैं।
वर्तमान में वह पिट एनडीपीएस के तहत जिला जेल में बंद है। यह कार्रवाई 1985 के एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68-ए, सी, ई व एफ के तहत की गई है। पुलिस की जांच के दौरान गाड़ी की पहचान अवैध रूप से अर्जित संपत्ति के रूप में की गई है। प्राथमिक जांच में यह संपत्ति नशा तस्कर की ओर से नारकोटिक्स ड्रग्स और साइकोट्रॉपिक पदार्थों की अवैध तस्करी से अर्जित की गई थी। आरोपी की गाड़ी कुर्क करने की कार्रवाई एसपी ग्रामीण ब्रिजेश शर्मा की देखरेख में एसडीपीओ अखनूर, मोहन शर्मा, एसएचओ अखनूर तारिक अहमद की ओर से क्षेत्र के प्रमुख लोगों की उपस्थिति में किया गया। संवाद