-आरोपी के खिलाफ अखनूर थाने में नशीले पदार्थों की तस्करी के कई मामले हैं दर्ज
अखनूर। अखनूर पुलिस ने नशा तस्करी के आरोप में एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को कठुआ जिला जेल में भेज दिया गया है। आरोपी के खिलाफ अखनूर थाने में नशीले पदार्थों की तस्करी के कई मामले दर्ज हैं।
थाना प्रभारी मोहम्मद तारिक ने बताया कि कुख्यात नशा तस्कर की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से एसडीपीओ मोहन शर्मा की देखरेख में पुलिस टीम का गठन किया था। टीम ने तस्कर विवेक कुमार उर्फ सन्नी निवासी वार्ड आठ अखनूर को गिरफ्तार किया है। आरोपी नशा तस्करी के कई मामलों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
उन्होंने बताया कि नशीली दवाओं की तस्करी की गतिविधियों में आरोपी की बार-बार भागीदारी को ध्यान में रखते हुए डोजियर तैयार कर संभागीय आयुक्त जम्मू को भेजा था। इसके बाद 25 जनवरी 2024 को औपचारिक रूप से पिट एनडीपीएस के तहत हिरासत का आदेश जारी हुआ था। जिस पर आरोपी को गिरफ्तार कर कठुआ जिला जेल में भेज दिया है।