जम्मू। कुंजवानी रेलवे ट्रैक के पास खाली मोर्टार सेल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस, रेलवे पुलिस और बम स्क्वायड टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्टार सेल को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच से सामने आया कि मोर्टार सेल लंबे समय से वहां पड़ा था।
रेलवे पुलिस के अनुसार ट्रैक के पास झाड़ियां काट रहे व्यक्ति दर्शन लाल निवासी डेली छन्नी हिम्मत की नजर जब इस पर पड़ी तो वह वहां से भागा और आसपास के लोगों को एकत्रित किया। इस दौरान अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना रेलवे पुलिस को दी। बम स्क्वायड की टीम भी जांच कर रही है।
जांच में पता चला कि मोर्टार सेल अंदर से खाली है। सिर्फ इसका ढांचा ही है। अंदेशा है कि किसी ने ट्रेन से इसको बाहर फेंका हो या फिर किसी ने माहौल खराब करने की फिराक से इसे यहां पर फेंका है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, एक्सपर्ट से भी राय ली जा रही है।