बाड़ी ब्राह्मणा। पुलिस ने प्रदेश की एक मशहूर मिल सरवेश्वर फूड लिमिटेड के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामला मिल के ही पूर्व कर्मचारी की शिकायत पर दर्ज किया गया है। उसने मिल में चल घपले की शिकायत उपराज्यपाल शिकायत सेल को दी थी। इसके बाद पुलिस को जांच करने के लिए कहा गया। जांच करने के बाद पुलिस ने अब इस संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच में लगी है। शिकायत में काफी संगीन आरोप लगाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार मिल के एक पूर्व कर्मचारी सौरव बट्टी की तरफ से उपराज्यपाल के शिकायत सेल को एक शिकायत दी गई थी। इसमें मिल प्रबंधन पर आरोप लगाया गया कि मिल में कई प्रकार के फर्जी काम हो रहे हैं। कर्मचारियों को पैसे देने में हेरफेर किया जाता है। इसमें सरकार को चूना लगाया जा रहा है। इसके अलावा फर्जी मोहरें रखी हुई हैं। आरोप लगाया गया कि डॉक्टरों की फर्जी मोहरें बनाई हुई हैं। फैक्टरी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। जोकि सरकार की तरफ से बनाए गए होते हैं। जो वेतन बकाया राशि दिखाए जाते हैं वह असल में दिए ही नहीं जाते हैं। इस प्रकार से काफी हेरफेर किए जा रहे है। शिकायत को आगे जांच करने के लिए बाड़ी ब्राह्मणा पुलिस को दिया गया। ताकि कार्रवाई की जा सके।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान तीन टीमें बनाई गई। इसमें इस कंपनी के बाकी यूनिटों में भी छापे मारे गए। डीएसपी तथा इंस्पेक्टर रैंक के अफसरों की अगुवाई में छापे मारे गए। इसके बाद टीमें ने मिल से रिकार्ड को जब्त किया, जिसमें रजिस्टर तथा मोहरें बरामद की गई हैं। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अब मामले में आगे की जांच करने में लगी हुई है। ताकि इस मामले में बाकी बातों का पता लगाया जा सके।