आरएस पुरा। उपजिला पुलिस ने चोरी की छह वारदातों को सुलझाकर 15 लाख के जेवरात के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है। यह चोर गिरोह पहले घरों की रेकी करता था और घर में कोई न होने पर दोपहर को घुसकर गहनों पर हाथ साफ कर लेते थे। वीरवार को आरएस पुरा पहुंचे एसएसपी जम्मू श्रीधर पाटिल ने बताया कि आरएस पुरा पुलिस ने चोरी की पांच वारदातों को सुलझाया है। अरनियां पुलिस थाने में भी एक वारदात को सुलझाने में सफलता मिली है। पुलिस को लगातार चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। कार्रवाई करते हुए एक चोर को पकड़ा गया है। आरोपी की पहचान सोहन लाल उर्फ सोनू पुत्र तरसेम लाल निवासी चकरोई के रूप में हुई है। उससे 25 तोला सोना और ढाई तोले चांदी बरामद की गई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि गिरोह में उसके साथ और कौन लोग शामिल हैं। पुलिस उच्चाधिकारी ने बताया कि आरोपी ने अधिकतर चोरी की वारदातों को दिन में अंजाम दिया है। पहले गिरोह घरों की रेकी करता है और घर में कोई न होने पर अंदर घुसकर आभूषण चुराते हैं। एसएसपी ने कहा कि आरोपी ने जहां चोरी का सामान बेचा है, उन लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सतर्क रहें और अगर कहीं बाहर जाते हैं तो अपने जरूरी सामान को बैंक में जमा करवाएं या अपने किसी खास व्यक्ति के पास रख दें, ताकि चोर ऐसी वारदातों को अंजाम न दे सकें। इस मौके पर एसपी हेडक्वार्टर आदिल हामिद, एसडीपीओ आरएस पुरा शबीर अहमद खान तथा थाना प्रभारी आरएस पुरा जयपाल शर्मा व थाना प्रभारी मीरां साहिब आदि भी मौजूद थे।