सांबा। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर बीते दिनों जवाहर टनल के पास एक ट्रक में हथियारों के साथ जैश-ए मोहमद के दो आतंकी पकड़े गए थे। वीरवार को दोनों को कश्मीर पुलिस सांबा लेकर आई है। देर शाम को सांबा की सिडको चौकी पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने काफी देर यहां जांच पड़ताल की। सूत्रों के अनुसार जांच के लिए पुलिस की ओर से सुबह योजना बनाई जाएगी। सीमावर्ती गांव बैनगलाड की सीमा पर पाकिस्तानी रेजरों की मदद से निकाली गई सुरंग में भी आतंकियों से लाइव सीन करवाया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार वन टोल प्लाजा में आतंकी मुठभेड़ में मारे गए आतंकियों को ट्रक में ले जाने वाले चालक को भी एनआईए की टीम बसंतर से चक दियाला की सीमा तक लाई थी। अब दोबारा पकडे़ गए आतंकियों को सीमावर्ती क्षेत्रों मेें घुसपैठ के मार्गों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। हालांकि इस बारे में पुलिस कुछ भी बताने से इंकार कर रही है।