राजोरी। जिले की बुद्धल पुलिस थाने के तहत पड़ने वाले गब्बर गांव में भूमि विवाद सुलझाने गई पुलिस पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इसमें तीन पुलिस कर्मी मामूली रूप से घायल हो गए हैं। हालांकि इस मामले को लेकर अफवाह यह फैली कि पुलिस कर्मियों पर आतंकवादियों ने हमला बोल दिया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को खेतों में पानी के वितरण को लेकर दो समूहों के बीच विवाद की शिकायत के बाद गब्बर गांव एक पुलिस दल पहुंचा, लेकिन वहां पुलिस पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। सोमराज ने मीडिया को बताया की घटना स्थल पर गई पुलिस टीम के तीन पुलिसकर्मियों को आरोपी पक्ष की तरफ से किए गए पथराव में चोटें आईं। पुलस के अनुसार दो समूहों का अपने खेतों में पानी के बंटवारे को लेकर विवाद था। पुलिस पार्टी शिकायत पर पहुंच काम कर रही थी, जब उन पर हमला हुआ।
उन्होंने कहा की पुलिस ने धारा 353, 336 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
------
पुलिस पर आतंकी हमले की अफवाह से हड़कंप
भूमि विवाद सुलझाने गई पुलिस पर हुए हमले को सोशल मीडिया पर आतंकी हमला बताकर हड़कंप मचा दिया गया। कुछ वाट्सएप ग्रुप या सोशल नेटवर्किंग साइट पर लिखा गया कि बुद्धल में पुलिस पार्टी पर आतंकवादियों ने हमला कर तीन पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया है। इस संबंध में एसएसपी चंदन कोहली ने इस अफवाह को खारिज करते हुए बताया कि बुद्धल में आतंकवादी हमले के संबंध में सोशल मीडिया पर चल खबर गलत है, यह तथ्यों पर आधारित नहीं है और मीडिया से अनुरोध है कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें। बुद्धल में भूमि विवाद का मामला रहा है। ऐसी खबरों को प्रसारित करने वाले तत्वों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।