ब्राह्मणा थाने में आरोपी द्वारा तोड़ी गई दीवार को दुरुस्त कराया गया।
बाड़ी ब्राह्मणा। बाड़ी ब्राह्मणा थाने से फरार अपहरण के आरोपी का पुलिस अभी तक सुराग नहीं लगा पाई है। पुलिस ने वीरवार को इलाके में कई जगह छापामार कार्रवाई की। इलाके के बाहर भी कुछ टीमों को आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए भेजा। ऐसा कोई भी सुराग जिससे फरार आरोपी का पता लगाया जा सके, पुलिस के हाथ अभी तक नहीं लगा है। इस बीच आरोपी द्वारा तोड़ी गई दीवार को पुलिस ने तत्काल ही दुरुस्त करा दिया है।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को बाड़ी ब्राह्मणा थाने से अपहरण के मामले में बंद एक आरोपी रवि कुमार निवासी रायपुर सतवारी हवालात की दीवार तोड़कर फरार हो गया। इस मामले में एसएसपी शक्ति पाठक ने मुंशी समेत चार पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है। आरोपी की तलाश में पुलिस ने जगह-जगह छापा मारा, लेकिन उसका सुराग नहीं लग पाया। बाड़ी ब्राह्मणा थाना जिसके अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र आता है। वहां थाने के अंदर हवालात से एक आरोपी का दीवार तोड़कर भाग जाना पुलिस विभाग की सुरक्षा में बड़ी लापरवाही मानी जा रही है। चिंता का विषय यह भी है की थाने के साथ ही एसडीपीओ का दफ्तर भी है। दोनों दफ्तरों के बीच में दीवार तोड़कर अपहरण के आरोपी का भाग जाना कई सवाल खड़े कर रहा है।
----
दूसरे दिन भी पुलिस आरोपी की धरपकड़ में जगह-जगह पर छापा मारा है। उसकी तलाश में टीमें लगी हुई हैं। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-राजेश जसरोटिया, थाना प्रभारी, बाड़ी ब्राह्मणा