जम्मू। केसी कॉलोनी में अपनी ही सर्विस राइफल से संदिग्ध परिस्थितियों में चली गोली पुलिस कर्मी को लग गई। गंभीर हालत में उसे जीएमसी जम्मू में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि हेडकांस्टेबल परमजीत सिंह अपने भाई के साथ कार में त्रिकुटा नगर की केसी कॉलोनी में किसी काम से गया था। इस दौरान वह सड़क किनारे कार में बैठकर भाई का इंतजार कर रहा था। अचानक गोली चलने की आवाज आई और आसपास के लोग कार की तरफ दौड़े तो देखा कि कार की सीट खून से लथपथ थी। गोली परमजीत के सीने के दाहिने हिस्से में जा लगी थी, गंभीर हालत में उसे जीएमसी जम्मू में भर्ती करवाया गया है। पुलिस के अनुसार गंभीर रूप से घायल होने के कारण परमजीत का बयान दर्ज नहीं हो पाया है। परमजीत प्रीत नगर डिग्याना का निवासी है और एंटी करप्शन ब्यूरो के एसएसपी का अंगरक्षक है। त्रिकुटा नगर थाने की पुलिस टीम ने घटनास्थल पर जरूरी सबूत जुटाकर जांच शुरू कर दी है। भाई से भी पूछताछ की जा रही है।