जम्मू। नगरोटा के जगती कश्मीरी पंडित कॉलोनी में रविवार को दिनदहाड़े महिला से झपटमारी का मामला प्रकाश में आया है। हालांकि, पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपी को चंद घंटों में ही दबोच लिया। आरोपी महिला का पड़ोसी ही निकला है।
जानकारी के अनुसार वीना कौल नामक महिला घर से रविवार को कुछ सामान लेने के लिए निकली। तभी एक युवक ने पीछा कर उसके पास पहुंच गया और सोने की बालियां झपट लीं। हालांकि, महिला ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भाग गया। महिला ने पीछा करते हुए शोर मचाया। एक अन्य युवती भी युवक के पीछे भागी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सका। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। महिला ने इसकी शिकायत नगरोटा पुलिस स्टेशन में दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली और आरोपी के बारे में पूछताछ की। उसकी पहचान अंकित कौल निवासी जगती के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी मोबाइल लोकेशन के आधार पर कुछ कुछ घंटे बाद ही दबोच लिया। थाना प्रभारी विश्व प्रताप ने मामले की पुष्टि की है।