जम्मू। राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य सड़कों पर स्टंटबाजी करने व वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाले बाइक चालकों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। रविवार को हाईवे पर नगरोटा से लेकर सिद्दड़ा तक कार्रवाई कर 16 बाइक जब्त की गईं। इसके लिए पुलिस की ओर से जगह-जगह नाके लगाए गए थे।
दो माह से लगातार सोशल मीडिया पर स्टंट करते हुए बाइक सवारों के वीडियो वायरल हुए हैं। जिसमें स्टंटबाज अपनी सहित अन्य लोगों की जान को जोखिम में डालकर वाहन चलाते नजर आए हैं। कई स्थानों पर स्टंटबाज यातायात पुलिस कर्मियों को कुचलने का प्रयास करते हुए भी देखे गए। इस का पुलिस ने कड़ा संज्ञान लिया है। छह नवंबर को नगरोटा पुलिस ने हाईवे पर कार्रवाई करते हुए 13 बाइक जब्त की थीं। दरअसल, हर रविवार को स्टंटबाज हाईवे पर पहुंच जाते हैं, जिनमें कई ब्लॉगर भी होते हैं। उनके साथी स्टंट करते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर देते हैं। नगरोटा थाना प्रभारी विश्व प्रताप ने बताया कि स्टंटबाजों पर यह कार्रवाई मोटर व्हीकल एक्ट के तहत की गई है।