जम्मू। झज्जर कोटली और नगरोटा पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर मवेशी तस्करी का बड़ा प्रयास विफल किया गया है। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई कर जम्मू से श्रीनगर की ओर जा रहे सात वाहनों से 73 मवेशियों को मुक्त करवाया है। वहीं, दस्तावेज नहीं दिखा पाने के कारण मवेशी तस्करी के आरोप में पांच लोगाें को गिरफ्तार किया है। तस्करी में संलिप्त पांच वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है।
झज्जर कोटली पुलिस ने सुकेतर के पास नाका लगाकर दो ट्रकों (जेके02एई-7811, जेके02एएम-7833) को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर इनके भीतर 23 मवेशी पाए गए। चालक मवेशियों के संबंध में कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा पाए। पुलिस ने इस संबंध में ट्रक चालक मोहम्मद खालिद निवासी पहलगाम और मकसूद अहमद निवासी रायपुर (जम्मू) को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, नगरोटा पुलिस ने बन टोल प्लाजा के पास नाका लगाकर पांच वाहनों को जांच के लिए रोका। इनमें ट्रक जेके02सीयू-8117 से नौ, जेके14एफ-7718 से नौ, ट्रक जेके13एफ-5044 से दस, ट्रक जेके01एएल-4327 से दस मवेशी और ट्रक जेके02एएम-2966 से 12 मवेशी बरामद हुए। इस दौरान मवेशी तस्करी के आरोप में मोहम्मद इशाक निवासी गूल (रामबन), मोहम्मद रफीक निवासी पौनी (रियासी) और मुमताज निवासी कोकरनाग को गिरफ्तार किया गया है।