जम्मू। शहर के पक्का डंगा में बुधवार को पिता पुत्र ने एक नेता पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसे लेकर थाने में केस दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार राकेश कुमार और उसके बेटे की ऑटो चालक के साथ किसी बात को लेकर बहस और हाथापाई चल रही थी। इस दौरान एक राजनीतिक पार्टी के नेता सुमित सौंधी बीच-बचाव में आ गए और मामले में हस्तक्षेप कर इसे सुलझाने का प्रयास किया। लेकिन बाप-बेटे ने ऑटो चालक को छोड़कर हस्तक्षेप करने वाले नेता को ही पीट दिया। उस पर तेजाधार हथियारों से हमला किया। मारपीट के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल सुमित सौंधी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
दो बाइक टकराए, एक की मौत, चार लोग जख्मी
जम्मू। शहर के चौआदी क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जीएमसी जम्मू में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। शव को जीएमसी के शवगृह में रखा गया है। घायलों में मूल रूप से डोडा के रहने वाले सुभाष चंद्र और दविंदर, जो इस समय चौआदी में रहते हैं और पुरमंडल के रहने वाले शालू और चौआदी का विजय शामिल हैं। हादसे के बाद घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।