सोशल मीडिया पर कुख्यात अपराधियों को हीरो बनाकर पेश किया जा रहा है। इनके समर्थक इनके नाम के बैकग्राउंड म्यूजिक लगाकर वीडियो बनाकर यूट्यूब और फेसबुक जैसी साइट पर अपलोड कर रहे हैं। इससे युवाओं को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। मामला सामने आते ही एसएसपी ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
जानकारी के अनुसार सन्नी बाबा, पंकज किल्लर, रंजीत सिंह लग्गा, विक्रम वजीर और गिरी जैसे गैंगस्टरों के सैकड़ों वीडियो फेसबुक और यूट्यूब पर मौजूद हैं। इन्हें समाज में हीरो बनाकर पेश किया जा रहा है। कुछ वीडियो में तो हथियार दिखाकर ब्राडिंग की जा रही है। गैंगस्टरों को रैंकिंग तक दी गई है।
इनके खिलाफ अखबारों में छपी खबरों की कटिंग लगाकर वीडियो बनाए गए हैं। कई वीडियो ऐसे हैं, जिनको लाखों लोग देख चुके हैं और हजारों लोग लाइक कर चुके हैं। एसएसपी जम्मू श्रीधर पाटिल का कहना है कि इस मामले की जांच करने के लिए विशेष अफसरों को लगाया जाएगा। जिसकी जांच की जाएगी। फेसबुक पर कई लोगों के नाम के फर्जी अकाउंट बनाए जा रहे हैं। ऐसे कई मामले क्राइम ब्रांच जम्मू के पास आए हैं। फेसबुक अकाउंट बनाने के लिए फर्जी मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया गया है।