जम्मू। शहर के छन्नी हिम्मत क्षेत्र से बुधवार को लापता हुई महिला का शनिवार को चौथे दिन शव मिल गया। परिजनों ने शव को घर से करीब सात-आठ किलोमीटर दूर गाड़ीगढ़ नहर से बरामद किया है। फिलहाल महिला की मौत का राजफाश नहीं हो सका हैै कि उसने आत्महत्या की है अथवा किसी ने उसकी हत्या करके शव को नहर में फेंका है। हालांकि सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस भी विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुट गई है। हालांकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह लगातार दवाओं का सेवन करती रही है।
शनिवार को शव मिलने के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज जम्मू में पहुंचे परिजन पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते रहे। मृतक महिला के पति रोहित ने बताया कि वीरवार को उसने पुलिस स्टेशन छन्नी हिम्मत में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी पत्नी पूज बुधवार रात को नौ बजे के बाद अचानक घर से चली गई है। उसने परिजनों को कुछ भी नहीं बताया कि वह कहीं जा रही है अथवा कुछ और। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। मगर पूजा की तलाशी के लिए कोई कदम नहीं उठाए गए।
रोहित ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी की शव गाड़ीगढ़ नहर में बरामद हुआ है। ऐसे में वह वहां कैसे पहुंची है। घर से वहां तक पहुंचने में उसने कई पुलिस नाकों को पास किया, लेकिन किसी ने उसे रात के वक्त अकेले जाते वक्त रोका तक नहीं। इतना ही नहीं एशिया के पास भी नाके के पास उसे देखा गया, लेकिन वहां भी किसी ने उसे रोककर पूछताछ करना उचित नहीं समझा। अगर पुलिस ने उसे रोका होता और शिकायत के बाद उसकी तलाश की होती तो शायद उसकी मौत नहीं होती। जीएमसी में भी परिजन खूब विलाप करते रहे और पुलिस के खिलाफ अपना गुस्सा निकालते रहे।
उधर, जीएमसी में पोस्टमार्टम करवाने के बाद महिला के शव को संस्कार के लिए परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
कोरोना महामारी के कारण लॉकडाउन की स्थिति है। रात 7 सात बजे के बाद कर्फ्यू घोषित है और जरूरी सेवाओं को छोड़कर किसी को चलने की अनुमति नहीं हैै। ऐसे में महिला का शव गाड़ीगढ़ में मिलने से पुलिस की कार्यप्रणाली भी शक के घेरे में आ गई है। बाजार में भी इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। सवाल उठ रहे हैं कि महिला ने नहर में कूद कर इहलीला समाप्त की होगी अथवा किसी ने उसे मार कर नहर में फेंक दिया होगा। उधर पुलिस का कहना है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा।
पुलिस ने निकाली सीसीटीवी फुटेज
महिला के पति के पुलिस पर सवाल उठाने के बाद पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस ने छन्नी हिम्मत से लेकर गाड़ीगढ़ नहर के बीच स्थिति चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की चार दिन की फुटेज निकाल ली है। छन्नी हिम्मत, सतवारी, एशिया होटल, विक्रम चौक सहित अन्य जगहों के सीसीटीवी कैमरों की निकाली इस फुटेज की जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि फुटेज से मामले का पूरा खुलासा हो जाएगा। इससे पता चल जाएगा कि महिला शहर में किस जगह, कितने वक्त के लिए रुकी अथवा वहां से गुजरी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।