जम्मू। शहर के जानीपुर क्षेत्र में एक ही नंबर के तीन आधार कार्ड बनाने का मामला सामने आया है। इन पर अलग नाम और जन्मतिथि अंकित है, जबकि नंबर एक ही है। आरोपियों ने इनसे कई तरह के सरकारी लाभ लिए हैं, जिसमें कश्मीरी पंडितों को मिलने वाली राहत राशि, रेलवे में वरिष्ठ नागरिक के तौर पर सफर में रियायत, कोर्ट से निशुल्क कानूनी मदद शामिल है। आरोपियों में एक महिला भी है, जिसने खुद को असहाय बताकर कई तरह के लाभ लिए। बैंकों में फर्जी आधार कार्ड पर खाते भी खोले गए हैं। जानीपुर पुलिस थाने में आरोपी नेहा चावला, विजय टिक्कू और अर्जुन चावला के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार अर्जुन चावला ने फर्जी आधार कार्ड बनाया। इसी आधार कार्ड नंबर पर नेहा चावला और विजय टिक्कू का नाम भी है, जबकि दोनों की जन्मतिथि अलग-अलग है। इन आधार कार्ड पर सरकार से राहत ली गई। नेहा चावला ने विजय टिक्कू के नाम का फर्जी पैन कार्ड भी बना रखा था। अपनी आय न बताकर करीब नौ लाख रुपये का लाभ लिया गया है। एसएचओ जानीपुर नायत अली का कहना है कि केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों के फोन स्विच ऑफ आ रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है।
-----
संपत्ति में हेरफेर मामले में
जैन सभा के प्रधान पर केस
जम्मू। एसएस जैन सभा गांधीनगर के प्रधान गुनिंदर जैन के खिलाफ संपत्ति में हेरफेर करने का मामला दर्ज किया गया है। अरुण जैन की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। आरोप है कि जमीन को लेकर 2006 में अरुण जैन और गुनिंदर जैन के बीच समझौता हुआ था, लेकिन जमीन वापस नहीं दी गई और इसमें से कुछ हिस्सा गुनिंदर ने किसी दूसरे को बेच दिया। अरुण ने पुलिस के पास शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद पीड़ित ने कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई। जिसके आधार पर कोर्ट ने गांधीनगर थाना पुलिस को केस दर्ज करने का आदेश जारी किया। ब्यूरो