जम्मू। क्राइम ब्रांच ने फर्जी दस्तावेज बनाकर दुकान हड़पने के आरोप में तीन आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश किया है। आरोपी सरदार सिंह निवासी जानीपुर कॉलोनी, सुरजीत सिंह निवासी जानीपुर और गोपाल दास निवासी एक्सलेसर लेन (अब देहांत हो चुका है) पर 2019 में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया था। इन लोगों ने जाली कागजात बना एक महिला की दुकान हड़प ली थी। पीड़ित अंजना गुप्ता ने क्राइम ब्रांच को शिकायत दी थी कि हरजीत सिंह ने उसकी दुकान को किराये पर लिया था। इसे लेकर उसके पति और हरजीत के बीच 1998 को अनुबंध भी हुआ। दुकान में दवाइयों का कारोबार होना था, लेकिन बाद में दुकान में कई अन्य कारोबार भी शुरू कर दिए गए, लेकिन इसकी कोई अनुमति नहीं ली गई। दुकान का 2007 में लाइसेंस खत्म हो गया। जब दुकान खाली कराने का नोटिस दिया गया तो आरोपी ने कहा कि उन्होंने यह दुकान खरीद रखी है, जबकि कोई दस्तावेज नहीं हैं। शिकायत मिलने के बाद क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच की। जांच में पाया गया कि आरोपी हरजीत सिंह ने अपने अन्य दो साथियोें के साथ मिलकर अंजना गुप्ता के पति की मौत का फायदा उठाकर उसकी दुकान अपने नाम करवा ली। वह उसे फर्जी दस्तावेजों की आड़ में धमकाते रहे और दुकान पर अपना कब्जा जमा लिया। तीनों के खिलाफ जांच पूरी करने के बाद सोमवार को कोर्ट में चालान पेश किया गया।