जम्मू। गंग्याल, बेलीचराना, छन्नी हिम्मत और मार्बल मार्केट में लाखों रुपये बिजली बिल का भुगतान न करने पर विभाग ने दो औद्योगिक इकाइयों समेत 95 बकायादारों के कनेक्शन काट दिए। दोनों औद्योगिक इकाइयों से 20 लाख रुपये से ज्यादा बकाया बिजली बिल लिया जाना है। कई बार नोटिस भेजे गए, लेकिन अदायगी नहीं की गई। अब कार्रवाई करते हुए पीडीडी ने इन दोनों कारखानों (एसके इंटरप्राइजेज और श्री केमिकल्स) के कनेक्शन काट दिए हैं। यह कार्रवाई सोमवार को एमडी यशा मोदगिल के निर्देश पर की गई है। इसके लिए एक्सईएन पीडी सिंह के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। इसके पहले भी 13 से ज्यादा औद्योगिक इकाइयों पर भी बिजली चोरी करने के मामले में कार्रवाई की जा चुकी है। आने वाले दिनों में बकायादारों की ओर से राशि नहीं भरी जाती है तो कनेक्शनों को पूरी तरह से खंभे से अलग कर दिया जाएगा।
------------
कार्रवाई के लिए टीम पहुंचते ही मचा हड़कंप
उधर, बेलीचराना, छन्नी हिम्मत और मार्बल मार्केट में भी कुल 93 अवैध कनेक्शन काटे। कार्रवाई के लिए जब इन इलाकों में टीमें पहुंची तो लोगों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने 18 घरेलू और 75 वाणिज्य से जुड़े अवैध कनेक्शन काटे हैं। एक्सईएन पीडी सिंह ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। टीमें हर रोज अलग-अलग इलाकों में जाकर अवैध कनेक्शन काटेंगी। बिजली चोरी करने वाले किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे।
------------
नोटिस जारी करने के बाद भी नहीं भरा बिल
विभागीय प्रवक्ता के अनुसार पीडीडी ने अवैध कनेक्शन काटने के लिए अभियान तेज कर दिया है। पूरे संभाग में दबिश दी जा रही है। औद्योगिक इकाइयों के संचालकों को पहले भी बिल अदा करने के लिए नोटिस जारी किए जा चुके हैं। जम्मू-कश्मीर सरकार ने पहले ही 2020-21 के लिए औद्योगिक और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं के 50 प्रतिशत मांग शुल्क को माफ कर दिया है। उम्मीद थी कि बकाया राशि जल्द अदा होगी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।